IPL : इंडियन प्रीमियर लीग में टीमों और मैचों की संख्या बढ़ाने को लेकर लंबे समय से चर्चाएं तेज हैं, लेकिन फिलहाल फैंस को कोई बड़े बदलाव को देखने के लिए इंतजार करना होगा. आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने हाल ही में एक इंटरव्यू में साफ कहा है कि फिलहाल आईपीएल मैचों को बढ़ाने और टीमों को बढ़ाने की योजना अटकी हुई है.
2008 में आईपीएल का आगाज 8 टीमों के साथ हुआ था, जिसके बाद दो नई टीमों की लीग में एंट्री हुई थी. कुछ समय बाद वह दो टीमें बाहर भी हो गई. इसके बाद 2022 में पुनः 2 नई टीमों को जोड़ा गया. हालांकि इसके बावजूद मैचों की कुल संख्या 74 ही रही.
दरअसल पिछली बार जब बीसीसीआई ने मीडिया राइट्स बेचे थे, जब प्लान था कि शुरुआती 2 सालों में 74 मुकाबले खेले जाएंगे और इसके बाद मैचों की संख्या बढ़ाकर 94 कर दी जाएगी.हालांकि फ्यूचर टूर प्लान के व्यस्त शेड्यूल के चलते यह योजना अब तक लागू नहीं हो सकी. मौजूदा हालत को देखकर माना जा रहा है कि 2027 के आगामी सीजन में भी आईपीएल में 74 मैच ही खेले जाएंगे.
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का हुआ समापन, कर्नाटक बना ओवरऑल चैंपियन, जानें किस नंबर पर छत्तीसगढ़
आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने हाल ही में फाइनेंशियल टाइम्स को दिए गए एक इंटरव्यू में कहा कि आईपीएल में 94 मैचों को करने के लिए बड़ी विंडो की जरूरत है, लेकिन मौजूदा फ्यूचर टूर प्रोग्राम पहले से ही द्वीपक्षीय सीरीज के शेड्यूल से भरा हुआ है, जिससे आईपीएल के लिए अलग से समय निकालना मुश्किल हो जाता है. उन्होंने आगे कहा कि आईपीएल के लिए मौजूदा विंडो मिड मार्च से मई के आखिरी तक सीमित है.
जून के बाद भारत के कुछ हिस्सों में मानसून शुरू हो जाता है, जीससे मैच करना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में इसी विंडो में अगर 74 की जगह 94 मैच कराने की कोशिश की जाए, तो हर रोज डबल हेडर कराने पड़ेंगे, जो ब्रॉडकास्टर्स के हिसाब से सही नहीं होगा. उन्होंने साफ किया की फिलहाल 74 मैचों के फॉर्मैट को ही जारी रखा जाएगा.

