Virender Sehwag: आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. दरअसल मैच के बाद चल रही चर्चा के दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और मुरली कार्तिक के बीच बातचीत अचानक असहज मोड पर पहुंच गई. सहवाग के एक कमेंट ने माहौल को कुछ पल के लिए अजीब बना दिया.
दरअसल यह पूरा मामला बीते बुधवार 29 अप्रैल का है, जब शार्दुल ठाकुर को लेकर चर्चा हो रही थी. मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मैच के बाद दोनों एक्सपर्ट क्रिकबज से बात कर रहे थे. इस दौरान दोनों मुंबई के उस फैसले पर हैरान दिखे, जिसमें मुंबई ने शार्दुल को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर टीम में शामिल तो किया लेकिन उन्हें एक भी ओवर में गेंदबाजी करने का मौका नहीं दिया.
शार्दुल ठाकुर को लेकर चल रही बातचीत में मुरली कार्तिक ने कहा कि, मुझे भी मुंबई का यह फैसला समझ नहीं आया. शायद वह उन्हें विकल्प के रूप में लाए हों पर शायद वो भूल गए या कुछ और. उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि मुझे वाकई समझ नहीं आया, पता नहीं क्यों.
कार्तिक की बात खत्म होने से पहले से वीरेंद्र सहवाग ने शो के होस्ट से हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि क्या आप मुझे रेड बुल की कैन पास कर सकते हैं जिससे मैं इनके मुंह पर स्प्रे कर सकूं. सहवाग की यह बात सुनते ही कार्तिक पूरी तरह असहज दिखे. इसके बाद कार्तिक ने सहवाग से सवाल करते हुए कहा कि, आप ही क्यों नहीं बताते? इसपर सहवाग ने जवाब देते हुए कहा कि इस सवाल का जवाब मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या के पास है.

