MP News: सतना जिले के कोठी कस्बे में शासकीय माध्यमिक विद्यालय में बोर्ड पर 'अतीक अहमद गैंग' के नाम से धमकी भरा संदेश लिखा मिला है. बोर्ड पर कई लोगों से लाखों रुपए लेने की बात भी लिखी गई है.
सबसे आखिर में यह लाइन लिखी थी कि अतीक अहमद मारा गया है, लेकिन उसका गैंग नहीं. उसके गैंग के साथ मिलकर कांड करेंगे. यह देखकर शिक्षक भी हैरान रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
उत्तर प्रदेश का कुख्यात गैंगस्टर अतीक अहमद, जो पुलिस कस्टडी के दौरान मारा जा चुका है, उसके बाद उसका नेटवर्क खत्म माना जा रहा था. यूपी में उसकी दहशत काफी खौफनाक रही है. उसके मारे जाने के बाद अपराध जगत में कमी भी देखी गई थी, लेकिन अब उसके नाम का इस्तेमाल कर धमकी दिए जाने से चिंता बढ़ गई है.
अतीक अहमद गैंग के नाम पर यह मामला सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला कठवारिया का है. यहां उस समय हड़कंप मच गया जब विद्यालय के अंदर बोर्ड पर गैंग के नाम से धमकी लिखी हुई मिली. आखिरी लाइन में साफ लिखा गया था कि अतीक अहमद मर गया है, लेकिन उसकी गैंग अभी जिंदा है.
बोर्ड पर केवल धमकी ही नहीं, बल्कि कई लोगों के नाम और उनसे वसूली जाने वाली रकम का भी जिक्र किया गया है. इस संदेश को पढ़ने के बाद पूरे विद्यालय में शिक्षक और बच्चों के बीच दहशत का माहौल बन गया.
बोर्ड पर लिखावट देखते ही विद्यालय प्रबंधन ने तुरंत कोठी पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. विद्यालय प्रबंधन ने कोठी थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

