4 Deaths in Mumbai Shock People: सपनों की नगरी मुंबई से हाल ही में एक ऐसी हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है. यहां एक ही परिवार के चार सदस्यों ने रात में बिरयानी खाने के बाद तरबूज का सेवन किया और अगली सुबह उन चारों की मृत्यु हो गई. आमतौर पर गर्मियों के मौसम में तरबूज को स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभकारी माना जाता है, क्योंकि यह शरीर में ऊर्जा और हाइड्रेशन बनाए रखता है.
यही कारण है कि लोग बाजार से तरबूज खरीदकर लाते हैं.
हालांकि, इस घटना के बाद चारों तरफ यह चर्चाएं हो रही है कि क्या तरबूज का सेवन जानलेवा हो सकता है. इस गंभीर विषय पर डॉक्टर ने विस्तार से जानकारी साझा की है और यह भी बताया है कि गर्मियों में तरबूज खरीदते समय किन सावधानियों का ध्यान रखना चाहिए.
नोएडा के मेदांता अस्पताल के डॉक्टर सज्जन राजपुरोहित का कहना है कि रोज करोड़ों लोग तरबूज खाते हैं और यह कोई नुकसानदेह फल नहीं है. हालांकि, मुंबई जैसी घटनाएं हमें सतर्क रहने की सीख देती हैं. वे समझाते हैं कि कुछ दुर्लभ मामलों में तरबूज के भीतर साल्मोनेला, ई. कोलाई या लिस्टेरिया जैसे खतरनाक बैक्टीरिया पनप सकते हैं, जो अक्सर दूषित मिट्टी या पानी की वजह से पैदा होते हैं. इन बैक्टीरिया से निकलने वाले जहर (टॉक्सिन्स) शरीर के लिए इतने घातक हो सकते हैं कि इनसे इंसान की जान भी जा सकती है.
आगे डॉक्टर ने बताया कि तरबूज में कीटनाशकों जैसे एल्डीकार्ब की अधिक मात्रा या उन्हें लाल दिखाने के लिए डाले गए कैल्शियम कार्बाइड या एथिफॉन का उपयोग स्वास्थ्य के लिए बहुत खतरनाक हो सकता है. ये जहरीले तत्व शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं और जानलेवा भी साबित हो सकते हैं. इसलिए केमिकल वाले फलों के सेवन से बचना जरूरी है.
क्या भट्टी की तरह गरम हो रहा है आपका घर? इन आसान टिप्स से कमरे को तुरंत बनाएं कूल
डॉक्टर की सलाह है कि तरबूज हमेशा भरोसेमंद विक्रेता से ही खरीदें और घर लाकर उसे साफ पानी से अच्छी तरह धोएं. यदि तरबूज का रंग जरूरत से ज्यादा लाल हो, उसमें अजीब गंध आ रही हो या स्वाद बदला हुआ लगे, तो उसे बिल्कुल न खाएं. गंदी जगहों या नालों के किनारे उगाए गए तरबूज बैक्टीरिया और रसायनों के कारण जानलेवा हो सकते हैं, इसलिए फल की शुद्धता और सफाई का पूरा ध्यान रखना जरूरी है.

