Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
बांकीपुर में PK का हाई-वोल्टेज ड्रामा, दतिया और मांजलपुर में भी कांटे की टक्कर: तीन विधानसभा उपचुनावों में मतदान जारी, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

बांकीपुर में PK का हाई-वोल्टेज ड्रामा, दतिया और मांजलपुर में भी कांटे की टक्कर: तीन विधानसभा उपचुनावों में मतदान जारी, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

VOI News 1 week ago

टना/दतिया/मांजलपुर: देश के तीन राज्यों की हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीटों-बिहार के बांकीपुर, मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मांजलपुर-पर उपचुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शांतिपूर्ण और गहमागहमी के बीच जारी है।

शाम 6 बजे तक चलने वाले इस मतदान में तीनों सीटों के सियासी दिग्गजों की साख दांव पर लगी है। इन तीन में से दो सीटों पर पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कब्जा था, जबकि एक सीट कांग्रेस के पास थी। आगामी 3 अगस्त को मतगणना के साथ ही प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।

यूं तो तीनों ही सीटों पर मुकाबला कड़ा है, लेकिन सबसे ज्यादा सियासी हलचल बिहार की बांकीपुर सीट पर देखने को मिल रही है, जहां जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) खुद पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

बांकीपुर में आधी रात का ड्रामा: थानों के चक्कर काटते दिखे प्रशांत किशोर

बांकीपुर सीट पर मतदान की पूर्व संध्या से ही माहौल काफी गरमाया हुआ है। जन सुराज के प्रत्याशी और संस्थापक प्रशांत किशोर ने पुलिस और प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रशांत किशोर ने दावा किया कि पुलिस ने उनके 16 से अधिक पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लिया और देर रात तक उन्हें अलग-अलग थानों में घुमाया गया।

PK ने कहा, "रात भर मशक्कत करने के बाद हमें पता चला कि हमारे नेताओं को दानापुर शिफ्ट किया गया, लेकिन जैसे ही हम वहां पहुंचे, उन्हें वहां से भी हटा दिया गया। इनमें से 10 से अधिक नेता पटना के ही स्थानीय निवासी हैं। पुलिस सत्तारूढ़ दल के इशारे पर काम कर रही है।" उन्होंने आगे कहा कि एनडीए ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी, फर्जी वीडियो तक जारी किए और पैसे भी बांटे, लेकिन जब कुछ काम नहीं आया तो अंत में पुलिस का सहारा लिया जा रहा है।

किदवईपुरी में समर्थकों के बीच झड़प, BJP ने लगाया फर्जी वोटिंग का आरोप

बांकीपुर के किदवईपुरी स्थित एक मतदान केंद्र पर मतदान के दौरान भारतीय जनता पार्टी और जन सुराज पार्टी के समर्थकों के बीच भारी धक्का-मुक्की और तीखी बहस देखने को मिली। जन सुराज कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी के पूर्व प्रत्याशी बूथ पर दबंगई करने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, मौके पर मौजूद पटना पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मामला शांत कराया।

दूसरी ओर, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने चुनाव आयोग व रिटर्निंग ऑफिसर (DCLR) को लिखित शिकायत सौंपी है। बीजेपी का आरोप है कि जन सुराज पार्टी बाहरी लोगों के जरिए फर्जी वोटिंग कराने की फिराक में है। भाजपा ने मांग की है कि पोलिंग बूथों पर हर मतदाता के इलेक्टोरल फोटो आइडेंटिटी कार्ड (EPIC ID) और वोटर लिस्ट से नाम का सख्त मिलान किया जाए।

दिग्गजों ने डाला वोट, लोकतंत्र के पर्व में निभाई भागीदारी

बांकीपुर में सुबह से ही बड़े नेताओं का पोलिंग बूथ पर पहुंचने का सिलसिला जारी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सी.पी. ठाकुर और भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने कन्या माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

वहीं, जदयू विधायक श्याम रजक ने भी अपने पूरे परिवार के साथ सुबह-सुबह मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "मैं हमेशा सुबह ही मतदान करना पसंद करता हूं। यह हमारा सबसे बड़ा लोकतांत्रिक अधिकार है और सभी नागरिकों को अपने मताधिकार का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए।"

दतिया और मांजलपुर का सियासी समीकरण

मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर भी राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है। यहां दिग्गज बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने के बाद से काफी अंदरूनी हलचल देखने को मिली थी। दतिया से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने वोट डालने के बाद कहा कि जनता विकास और सुशासन के नाम पर वोट दे रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जो नेता 35 हजार वोटों से हार चुका हो, वह अब अप्रासंगिक हो चुका है।

तीसरी सीट गुजरात की मांजलपुर है, जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। यहां 2 लाख 60 हजार से अधिक मतदाता प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। भाजपा ने सतीश पटेल को मैदान में उतारा है, तो कांग्रेस की ओर से गुजरात कांग्रेस के उपाध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री भीखाभाई रबारी चुनाव लड़ रहे हैं। 2022 के चुनाव में इस सीट पर भाजपा के योगेश पटेल ने बड़ी जीत दर्ज की थी, ऐसे में कांग्रेस के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल बनी हुई है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: VOI News