Dailyhunt
Election Results 2026: पांच राज्यों के चुनावी नतीजों ने चौंकाया, बंगाल-असम में खिलेगा 'कमल' तो केरल-तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर!

Election Results 2026: पांच राज्यों के चुनावी नतीजों ने चौंकाया, बंगाल-असम में खिलेगा 'कमल' तो केरल-तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर!

VOI News 1 week ago

ई दिल्ली/कोलकाता/चेन्नई: देश की सियासत के लिए आज का दिन ऐतिहासिक मोड़ लेकर आया है। असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के लिए आज सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती जारी है।

शुरुआती रुझानों ने बड़े-बड़े दिग्गजों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। जहां बंगाल और असम में बीजेपी की लहर दिख रही है, वहीं दक्षिण भारत के राज्यों से चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं। बंगाल में इस बार रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ था, जिसका असर अब नतीजों में साफ झलक रहा है।

तमिलनाडु में बड़ा धमाका: थलापति विजय की TVK ने मारी बाजी, उदयनिधि स्टालिन पिछड़े

दक्षिण की राजनीति में आज सबसे बड़ा उलटफेर तमिलनाडु में देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों में एक्टर थलापति विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्र्री कझगम’ (TVK) ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए शतक लगा दिया है। सबसे हैरान करने वाली खबर चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी सीट से है, जहां उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन पीछे चल रहे हैं। TVK के उम्मीदवार सेल्वम डी ने 1200 से अधिक वोटों की बढ़त बना ली है। रुझानों को देखते हुए विजय के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उनकी पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि वे बिना किसी बाहरी समर्थन के अपने दम पर सरकार बनाएंगे।

केरल में सत्ता परिवर्तन की आहट: सीएम पिनराई विजयन पीछे, UDF बहुमत के पार

‘गॉड-ओन-कंट्री’ केरल में भी रिवाज बदलता दिख रहा है। चुनाव आयोग के ताजा रुझानों के मुताबिक, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन अपनी पारंपरिक सीट धर्मडम से पीछे चल रहे हैं। यहां कांग्रेस के अब्दुल रशीद ने बढ़त बनाई हुई है। राज्य की 140 सीटों में से कांग्रेस के नेतृत्व वाला UDF गठबंधन 71 सीटों का आंकड़ा पार कर चुका है। इस जीत की आहट पर शशि थरूर ने खुशी जताते हुए कहा कि केरल में बदलाव की सख्त जरूरत थी। हालांकि, मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला उन्होंने आलाकमान पर छोड़ दिया है।

बंगाल और असम में भाजपा की ‘हैट्रिक’ की तैयारी, शाम को मुख्यालय पहुंचेंगे पीएम मोदी

पूर्वी भारत में भारतीय जनता पार्टी का दबदबा बरकरार है। पश्चिम बंगाल और असम के रुझानों में बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। भवानीपुर सीट पर सबकी नजरें टिकी हैं, जहां सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के खिलाफ बढ़त बना ली है। इस शानदार प्रदर्शन को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।

दशकों बाद दिखा अद्भुत नजारा: कांग्रेस और भाजपा दोनों दफ्तरों पर बज रहे ढोल

आज की राजनीति का सबसे दिलचस्प दृश्य दिल्ली में देखने को मिल रहा है। आमतौर पर किसी एक पार्टी के मुख्यालय पर सन्नाटा होता है, लेकिन आज कांग्रेस और भाजपा दोनों के दफ्तरों के बाहर ढोल-नगाड़े बज रहे हैं। केरल में वापसी से कांग्रेस गदगद है, तो बंगाल-असम की जीत से भाजपा उत्साहित है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दावा किया है कि अंत तक पांचों राज्यों में गठबंधन की ही जीत होगी।


Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: VOI News