Dailyhunt
कानपुर: सो रहे पति पर पत्नी ने ब्लेड से किया जानलेवा हमला, गर्दन रेतकर खुद पहुंच गई थाने; पुलिस को दी झूठी कहानी

कानपुर: सो रहे पति पर पत्नी ने ब्लेड से किया जानलेवा हमला, गर्दन रेतकर खुद पहुंच गई थाने; पुलिस को दी झूठी कहानी

VOI News 1 week ago

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से रोंगटे खड़े कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चौबेपुर थाना क्षेत्र के ककरहा गांव में एक पत्नी ने प्रेम विवाह के महज एक साल बाद ही अपने पति की जान लेने की कोशिश की।

आरोप है कि महिला ने सोते समय अपने पति की गर्दन पर ब्लेड से ताबड़तोड़ वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर पत्नी खुद थाने पहुंच गई और पति पर ही मारपीट का आरोप मढ़ने लगी। हालांकि, सच सामने आते ही पुलिस के भी होश उड़ गए।

नींद में मौत बांटने आई पत्नी: गर्दन पर किए ब्लेड से कई वार

जानकारी के अनुसार, ककरहा गांव निवासी सूरज कठेरिया का विवाह सरिता उर्फ गोलू से एक साल पहले हुआ था। दोनों के बीच लंबे समय तक प्रेम प्रसंग चला था, जिसके बाद उन्होंने लव मैरिज की थी। सूरज ने बताया कि पिछले तीन दिनों से सरिता किसी बात को लेकर लगातार झगड़ा कर रही थी। शनिवार को जब सूरज गहरी नींद में सो रहा था, तभी सरिता ने उसे जान से मारने की नीयत से ब्लेड उठाया और उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लहूलुहान सूरज को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चौबेपुर में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

गुनाह कर खुद थाने पहुंची आरोपी महिला: पुलिस को दी झूठी कहानी

वारदात के बाद आरोपी पत्नी सरिता ने भागने के बजाय एक शातिर चाल चली। वह खून से सने कपड़ों के साथ सीधे चौबेपुर थाने जा पहुंची और पुलिस को गुमराह करने के लिए पति पर ही मारपीट का आरोप लगाने लगी। लेकिन इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को फोन पर सूरज पर हुए जानलेवा हमले की सूचना दे दी। थाना अध्यक्ष चौबेपुर दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि घायल पति की ओर से तहरीर मिल गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल: “अगर पहले सुनते तो न बहता खून”

इस खूनी खेल के पीछे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। घायल सूरज ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं था जब सरिता ने उसकी जान लेने की कोशिश की। बीते 13 अप्रैल को भी सरिता ने उसके साथ जमकर मारपीट की थी और खुलेआम धमकी दी थी कि “जब तक तुम्हारी हत्या नहीं कर दूंगी, तब तक चैन से नहीं बैठूंगी।” सूरज ने इस धमकी की लिखित शिकायत चौबेपुर थाने में दी थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उसे पारिवारिक विवाद समझकर नजरअंदाज कर दिया। अगर समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती, तो आज सूरज अस्पताल के बेड पर मौत से न लड़ रहा होता।

लव मैरिज से जानलेवा हमले तक का सफर

सूरज और सरिता की शादी प्रेम संबंधों के बाद हुई थी, लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही रिश्तों में कड़वाहट आ गई। सरिता पहले से शादीशुदा थी और उसने सूरज के लिए अपना पिछला घर छोड़ा था। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस खूनी हमले के पीछे की मुख्य वजह क्या थी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: VOI News