Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
लखनऊ में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: प्रेमिका के साथ मिलकर पति ने ही की थी पत्नी की हत्या, गोमती में बहाया था शव

लखनऊ में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: प्रेमिका के साथ मिलकर पति ने ही की थी पत्नी की हत्या, गोमती में बहाया था शव

VOI News 1 week ago

खनऊ। राजधानी के सहिजना (रहीमाबाद) क्षेत्र में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जिसे पुलिस और परिजन गुमशुदगी मान रहे थे, वह दरअसल अवैध संबंधों के चक्कर में रची गई हत्या की खौफनाक साजिश निकली।

पति ने ही अपनी प्रेमिका और साथियों संग मिलकर पत्नी को मौत के घाट उतारा और साक्ष्य छिपाने के इरादे से उसके शव को गोमती नदी में बहा दिया था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।

गुमशुदगी दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला उन्नाव जिले के ग्राम सोनिक की रहने वाली 30 वर्षीय अंजलि सिंह से जुड़ा है। बीते 30/31 जुलाई की रात अंजलि अपने घर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। खुद को बेकसूर साबित करने और पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए शातिर पति उमेंद्र प्रताप ने 31 जुलाई को ही थाना रहीमाबाद पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।

मोर्चरी में शव की पहचान होते ही फरार हुआ पति

31 जुलाई की शाम इटौंजा क्षेत्र में गोमती नदी से पुलिस को एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। शव की शिनाख्त कराने के लिए जब रहीमाबाद पुलिस उमेंद्र को केजीएमयू (KGMU) मोर्चरी ले गई, तो उसने मृतका की पहचान अपनी पत्नी अंजलि के रूप में की। हालांकि, शिनाख्त होते ही उमेंद्र को पुलिस की कार्रवाई और पकड़े जाने का खौफ सताने लगा, जिसके बाद वह मौका देखकर मोर्चरी से ही चकमा देकर फरार हो गया।

मृतका के भाई ने जताया था अवैध संबंधों पर शक

घटना के बाद मृतका के भाई पुष्पेंद्र प्रताप ने पुलिस में तहरीर दी। आरोप लगाया कि उमेंद्र के एक अन्य महिला से अवैध संबंध थे, जिसका अंजलि लगातार विरोध करती थी। इसी बात को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। भाई ने आशंका जताई थी कि उमेंद्र ने अपनी प्रेमिका, परिजनों और साथियों के साथ मिलकर अंजलि की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नदी में फेंक दिया।

प्रेमिका संग सलाखों के पीछे पहुंचा कातिल पति, कार व लाखों के जेवर बरामद

तहरीर के आधार पर जांच में जुटी पुलिस ने मुख्य आरोपी पति उमेंद्र प्रताप और उसकी प्रेमिका आरती वर्मा (निवासी मड़ियांव, लखनऊ) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार, दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन और करीब 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं।

रहीमाबाद थाना प्रभारी अरुण कुमार त्रिगुणायत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सीडीआर और फॉरेंसिक साक्ष्यों की मदद से इस पूरी वारदात की कड़ियां जोड़ी गईं। मुख्य आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को जेल भेजा जा रहा है। मामले में नामजद व प्रकाश में आए अन्य सह-आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: VOI News