Dailyhunt
केजरीवाल का नया 'शीश महल'? बीजेपी के प्रवेश वर्मा का बड़ा खुलासा, जानिए क्या है पूरा विवाद

केजरीवाल का नया 'शीश महल'? बीजेपी के प्रवेश वर्मा का बड़ा खुलासा, जानिए क्या है पूरा विवाद

भाजपा नेता और दिल्ली कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने शनिवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला किया। उन्होंने केजरीवाल के नए घर को 'शीश महल 2' बताया और 'रहमान डकैत' से तुलना की।
मंत्री वर्मा ने कहा कि दिल्ली लूटने के बाद अब पंजाब में भी दूसरा 'शीश महल' तैयार हो गया है।

प्रवेश वर्मा ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में कोरोना लहर के दौरान 'शीश महल' बनवाया था। उस समय दिल्ली के लोग दवाएं मांग रहे थे, लेकिन 'शीश महल' का काम नहीं रुका। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मतदाताओं ने 'रहमान डकैत' को हराया, तो वह पंजाब चले गए।

उन्होंने दावा किया कि वहां भगवंत मान के घर के पास 4 सरकारी घरों में से एक पर केजरीवाल ने कब्जा कर लिया। अन्य घरों पर सत्येंद्र जैन, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया का कब्जा है। वर्मा ने बताया कि पंजाब में भगवंत मान परेशान हैं, क्योंकि केजरीवाल ने वहां भी एक और 'शीश महल' बनवा लिया है।

वर्मा ने कहा कि केजरीवाल 24 अप्रैल 2026 को 95 लोधी एस्टेट स्थित बंगले में शिफ्ट हुए हैं। सादगी का दावा करने वाले केजरीवाल अब बेहद आलीशान तरीके से रह रहे हैं।

उन्होंने आम आदमी पार्टी का नाम बदलकर 'आलीशान आदमी पार्टी' करने का सुझाव देते हुए केजरीवाल से पूछा कि इस नए 'शीश महल' में कितना पैसा लगाया गया है? वर्मा ने पैसे के स्रोत और मालिक के बारे में भी जानकारी मांगी। उन्होंने सवाल किया कि क्या पार्टी के ईमानदार कार्यकर्ता लालच के कारण पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।

आतिशी का पलटवार

आप नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि प्रवेश वर्मा द्वारा जारी कि गई सारी तस्वीरें फर्जी हैं। वे केजरीवाल जी के घर की तस्वीरें नहीं हैं। किसका घर कितना आलीशान है, इसका पता करने के लिए रेखा गुप्ता जी और LG साहिब अपना अपना घर खोल दें और केजरीवाल जी अपना घर खोल देंगे। जनता ख़ुद तय कर लेगी।

edited by : Nrapendra Gupta

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Webduniya Hindi