स्टॉक मार्केट में निवेश करने वाले लोगों की आंखें हर उस स्टॉक टिकी रहती हैं, जिसमें शेयर बाजार के 'बिग बुल्स' का निवेश होता है. हम जिस छोटे से मल्टीबैगर शेयर की बात कर रहे हैं, उसे बीते एक हफ्ते में 2 बड़े सरकारी ऑर्डर मिले हैं और शेयर एक महीने में 32% की तेजी दिखा चुका है.
सबसे बड़ी बात कि इस स्टॉक (Aptech Limited) में मार्केट के बिग बुल्स कहे जाने वाले राधाकिशन दमानी, राकेश झुनझुनवाला एंड असोसिएट्स और रेखा झुनझुनवाला से लेकर मधुसूदन केला जैसे दिग्गजों की होल्डिंग है. चलिए, जानते हैं Aptech Limited को मिले ऑर्डर में क्या खास है.
9 मई को मिला नया ऑर्डर
Aptech Limited को 9 मई 2026 को राज्य सरकार के तहत काम करने वाली एक ऑटोनॉमस बॉडी से बड़ा वर्क ऑर्डर मिला है. कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे OMR बेस्ड टेस्ट आयोजित करने का कॉन्ट्रैक्ट मिला है. इस कॉन्ट्रैक्ट की अनुमानित वैल्यू ₹6 करोड़ है.
कंपनी ने यह जानकारी SEBI के Regulation 30 के तहत BSE और NSE को दी. फाइलिंग के मुताबिक यह परीक्षा जून 2026 में आयोजित होने की उम्मीद है. कंपनी को OMR बेस्ड टेस्टिंग सर्विसेज उपलब्ध करानी होंगी.

फाइलिंग के अनुसार इस कॉन्ट्रैक्ट में तय टर्म्स एंड कंडीशंस, स्टेटमेंट ऑफ वर्क, डिलीवेरेबल्स, सर्विस लेवल एग्रीमेंट और पेमेंट टर्म्स शामिल हैं. कंपनी को सभी तय शर्तों के तहत परीक्षा प्रक्रिया पूरी करनी होगी. कंपनी ने साफ किया है कि यह ऑर्डर एक घरेलू संस्था की तरफ से मिला है.
साथ ही प्रमोटर, प्रमोटर ग्रुप या ग्रुप कंपनियों की इस संस्था में कोई रुचि नहीं है. कंपनी ने यह भी बताया कि यह किसी तरह का रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन नहीं है.
ये भी पढ़ें: शेयर लगातार तोड़ रहा अपना हाई...60% है MF और FII की होल्डिंग, अब Q4 Result में किया कमाल, नोट करें नाम
इससे पहले वाला ऑर्डर 5 मई को मिला था
Aptech Limited को 5 मई 2026 को एक राज्य सरकारी संस्था से बड़ा वर्क ऑर्डर मिला था. कंपनी ने BSE और NSE को दी गई एक्सचेंज फाइलिंग में बताया था कि उसे कंप्यूटर बेस्ड एग्जाम आयोजित करने का कॉन्ट्रैक्ट मिला है. इस कॉन्ट्रैक्ट की अनुमानित वैल्यू ₹9.92 करोड़ है.
कंपनी ने यह जानकारी SEBI के Regulation 30 के तहत शेयर बाजार को दी. फाइलिंग के मुताबिक परीक्षा प्रक्रिया मई 2026 से शुरू होने का अनुमान है. कंपनी को कंप्यूटर बेस्ड एग्जामिनेशन सर्विसेज उपलब्ध करानी होंगी.
फाइलिंग के अनुसार Aptech को परीक्षा शहरों और एग्जाम सेंटर की फाइनल लिस्ट संबंधित सरकारी संस्था को सौंपनी होगी. ये सभी सेंटर पहले से ऑडिट किए गए होंगे. इसके अलावा कंपनी को तय RFP और MSA के अनुसार परीक्षा प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
कॉन्ट्रैक्ट में सर्विस लेवल एग्रीमेंट, डिलीवेरेबल्स, पेमेंट टर्म्स और अन्य शर्तें भी शामिल हैं. कंपनी को परीक्षा संचालन के दौरान सभी तय मानकों का पालन करना होगा. कंपनी ने साफ किया है कि यह ऑर्डर एक घरेलू सरकारी संस्था की तरफ से मिला है और इसमें प्रमोटर ग्रुप या ग्रुप कंपनियों की कोई हिस्सेदारी या रुचि नहीं है. साथ ही यह किसी भी तरह का रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन नहीं है.
52-वीक हाई से टूटकर अब तेजी की राह पर शेयर
NSE पर मार्केट कैप करीब ₹636.75 करोड़ है. पिछले एक हफ्ते से शेयर ₹104 से ₹109 के दायरे में कारोबार करता दिखा है. अगर पिछले एक साल की चाल देखें तो शेयर ने 12 मई 2025 को ₹182 का 52-वीक हाई बनाया था.
इसके बाद इसमें लगातार दबाव देखने को मिला और 30 मार्च 2026 तक शेयर गिरकर ₹69 तक पहुंच गया. यानी हाई से लो तक इसमें करीब 62% की बड़ी गिरावट आई. हालांकि उसके बाद शेयर में मजबूत रिकवरी देखने को मिली और मौजूदा स्तर तक यह करीब 50% उछल चुका है.
किस दिग्गज के पास कितना शेयर?
दिग्गज निवेशक मधुसूदन केला ने मार्च 2026 तिमाही में इस शेयर में नई हिस्सेदारी खरीदी है. उनके पास कंपनी के करीब 6.17 लाख शेयर हैं. यह कंपनी में 1.1% हिस्सेदारी के बराबर है. मौजूदा वैल्यू के हिसाब से उनकी होल्डिंग करीब ₹6.4 करोड़ की मानी जा रही है.
राधाकिशन दमानी के पास भी मजबूत हिस्सेदारी
डीमार्ट के संस्थापक Radhakishan Damani भी इस कंपनी में निवेशक हैं. उनके पास Aptech में 3% हिस्सेदारी है. शेयरहोल्डिंग डेटा के मुताबिक उनके पास करीब 17.57 लाख शेयर मौजूद हैं. मौजूदा मार्केट वैल्यू के हिसाब से यह हिस्सेदारी लगभग ₹18.3 करोड़ की बैठती है.
ये भी पढ़ें: कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन आई Morgan Stanley की रिपोर्ट! इंडिया की इन 5 कंपनियों पर रखनी है नज़र
झुनझुनवाला परिवार का सबसे बड़ा दांव
अगर शेयरहोल्डिंग पैटर्न पर नजर डालें तो सबसे बड़ी हिस्सेदारी अभी भी राकेश झुनझुनवाला एंड असोसिएट्स के पास है. इस एंटिटी के पास कंपनी में 41.4% हिस्सेदारी बनी हुई है, जो सितंबर 2024 से लगातार बरकरार है. इनके पास कुल 2.40 करोड़ से ज्यादा शेयर हैं और होल्डिंग वैल्यू करीब ₹250 करोड़ आंकी गई है.
वहीं Rekha Jhunjhunwala के पर्सनल पोर्टफोलियो में भी यह शेयर शामिल है. उनके पास कंपनी में 21% हिस्सेदारी है. शेयरों की संख्या करीब 1.21 करोड़ है और मौजूदा वैल्यू लगभग ₹120 करोड़ बैठती है.
| निवेशक | हिस्सेदारी (%) | कुल शेयर | होल्डिंग वैल्यू |
| मधुसूदन केला | 1.10% | 6,17,000 | ₹6.4 करोड़ |
| राधाकिशन दमानी | 3.00% | 17,57,317 | ₹18.3 करोड़ |
| राकेश झुनझुनवाला एंड असोसिएट्स | 41.40% | 2,40,19,236 | ₹250.1 करोड़ |
| रेखा झुनझुनवाला | 21.00% | 1,21,98,376 | ₹120.07 करोड़ |
FIIs और DIIs की हिस्सेदारी कितनी?
कंपनी में विदेशी और घरेलू संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी फिलहाल सीमित है. मार्च 2026 तिमाही के आंकड़ों के मुताबिक FIIs के पास कंपनी में 0.7% हिस्सेदारी है, जिसमें तिमाही आधार पर बढ़ोतरी देखने को मिली है. वहीं DIIs की हिस्सेदारी करीब 1.2% है.

एक्सपर्ट्स की क्या है राय?
मार्केट एक्सपर्ट और Choice Broking के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुमीत बागड़िया के मुताबिक इस शेयर में गिरावट पर खरीदारी की रणनीति अपनाई जा सकती है. उनका मानना है कि ₹92 का स्टॉपलॉस रखते हुए ₹130 तक का लक्ष्य देखा जा सकता है.
वहीं Sidinvesting Financial Services के सिद्धार्थ राय मंगला का कहना है कि टेक्निकल चार्ट्स पर शेयर में लंबे समय बाद सुधार के संकेत दिख रहे हैं. उनके मुताबिक अगर शेयर कुछ समय तक ₹100 के ऊपर बना रहता है, तो अगले एक साल में ₹145 से ₹160 तक का स्तर देखने को मिल सकता है.
क्या करती है कंपनी?
Aptech ने अपनी फाइलिंग में बताया कि कंपनी 1986 से नॉन-फॉर्मल वोकेशनल ट्रेनिंग बिजनेस में सक्रिय है और फिलहाल दुनिया भर में उसके 1000 से ज्यादा सेंटर मौजूद हैं. कंपनी आईटी ट्रेनिंग, मीडिया और एंटरटेनमेंट, एविएशन, ब्यूटी एंड वेलनेस, बैंकिंग और फाइनेंस जैसे कई सेक्टर में ट्रेनिंग सर्विस देती है.
कंपनी Arena Animation, MAAC, Lakme Academy powered by Aptech, Aptech Learning और Aptech Aviation Academy जैसे कई ब्रांड्स के जरिए ट्रेनिंग बिजनेस चलाती है. इसके अलावा Enterprise Business के तहत कॉरपोरेट्स और संस्थानों को ट्रेनिंग और असेसमेंट सॉल्यूशंस भी देती है.
(डिस्क्लेमर: यहां स्टॉक्स में निवेश की सलाह ब्रोकरेज हाउस द्वारा दी गई है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर से सलाह जरूर लें.)

