Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
इस EV कंपनी ने जुटाई ₹250 करोड़ की नई फंडिंग, एक साल में 4 गुना बढ़ा रेवेन्यू, FY27 का बताया प्लान

इस EV कंपनी ने जुटाई ₹250 करोड़ की नई फंडिंग, एक साल में 4 गुना बढ़ा रेवेन्यू, FY27 का बताया प्लान

भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में तेजी से उभर रही कंपनी सिंपल एनर्जी ने अपने बिजनेस एक्सपेंशन प्लान को नई रफ्तार देने के लिए 250 करोड़ रुपए की फंडिंग जुटाई है. बेंगलुरु स्थित इस इलेक्ट्रिक व्हीकल निर्माता ने अपनी सीरीज B फंडिंग राउंड सफलतापूर्वक पूरी कर ली है.

कंपनी को यह निवेश इक्विटी और डेट दोनों माध्यमों से मिला है.

इस फंडिंग राउंड का नेतृत्व डॉ. अरोकियास्वामी वेलुमानी के फैमिली ऑफिस ने किया. इसके अलावा कंपनी के फाउंडर और CEO सुहास राजकुमार और को-फाउंडर और CFO अंकित गुप्ता ने भी इसमें भागीदारी की. वहीं डेट पार्टनर्स के रूप में HDFC Bank और कैपिटर वेंचर्स शामिल रहे. अन्य वित्तीय संस्थानों ने मिलकर करीब 123 करोड़ रुपए का निवेश किया.

प्रोडक्शन कैपिसिटी बढ़ाने पर फोकस

कंपनी ने बताया कि जुटाई गई पूंजी का बड़ा हिस्सा उत्पादन क्षमता बढ़ाने और मैन्युफैक्चरिंग विस्तार पर खर्च किया जाएगा. इसके अलावा बिक्री, मार्केटिंग और रिसर्च एंड डेवलपमेंट यानी R&D पर भी निवेश किया जाएगा ताकि नए प्रोडक्ट्स और ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाया जा सके.

ये भी पढ़ें: टू-व्हीलर सेगमेंट में किस कंपनी की कितनी रही सेल्स, रिपोर्ट आ गई सामने

फिलहाल सिंपल एनर्जी हर महीने लगभग 3000 इलेक्ट्रिक स्कूटर उत्पादन करने की क्षमता रखती है. कंपनी ने पिछले कुछ महीनों में अपनी बैटरी उत्पादन लाइन में भी अतिरिक्त निवेश किया है और इसका असर अगस्त 2026 से दिखाई देना शुरू हो सकता है.

एक साल में 4 गुना बढ़ा कारोबार

सिंपल एनर्जी ने अपने कारोबार में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की है. कंपनी के अनुसार उसका राजस्व वित्त वर्ष 2025 में 40 करोड़ रुपए से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में 170 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है. यानी कंपनी ने एक साल में करीब चार गुना ग्रोथ हासिल की है.

कंपनी का कहना है कि बाजार में लंबे रेंज वाले और बेहतर परफॉर्मेंस वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की मांग तेजी से बढ़ रही है और उसी मांग को पूरा करने के लिए प्रोडक्शन बढ़ाने की योजना बनाई गई है.

मार्च 2027 तक 10000 मंथली सेल्स का टारगेट

सिंपल एनर्जी के फाउंडर और CEO सुहास राजकुमार ने कहा कि यह निवेश कंपनी के प्रति निवेशकों के मजबूत भरोसे को दिखाता है. उन्होंने बताया कि कंपनी इस पूंजी का प्रोडक्शन कैपिसिटी बढ़ाने, भारत में विकसित मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क को मजबूत करने और देशभर में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए करेगी.

ये भी पढ़ें: देश में EV चार्जिंग नेटवर्क को बड़ा बूस्ट, ये 2 कंपनियां मिलकर लगाएंगी 100 नए स्टेशन

कंपनी ने मार्च 2027 तक हर महीने 10,000 इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री का लक्ष्य रखा है. इसके साथ ही कंपनी R&D और मार्केटिंग में भी निवेश जारी रखेगी.

तेजी से बढ़ रहा रिटेल नेटवर्क

फिलहाल कंपनी की मासिक बिक्री करीब 1500 यूनिट के आसपास है. कंपनी देशभर के 38 शहरों में 71 से ज्यादा आउटलेट्स के जरिए कारोबार कर रही है. इन शहरों में बेंगलुरु, दिल्ली, पटना और चेन्नई जैसे प्रमुख बाजार शामिल हैं. आने वाले महीनों में कंपनी रांची, भुवनेश्वर, कटक समेत कई नए शहरों में विस्तार करने की तैयारी कर रही है.

कंपनी का मानना है कि मजबूत उत्पादन क्षमता, बेहतर नेटवर्क और बढ़ते EV बाजार की मदद से कंपनी आने वाले साल में भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में अपनी स्थिति और मजबूत करेगी.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Zee Business Hindi