PATNA : बिहार विधान परिषद में बुधवार को तब अजीबोगरीब नजारा उत्पन्न हो गया जब आरजेडी के एक एमएलसी प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफों के पुल बांधने लगे. आरजेडी-कांग्रेस के दूसरे एमएलसी हक्के-बक्के थे तो बीजेपी के विधान पार्षद उनका स्वागत कर रहे थे. जेडीयू के विधान पार्षदों को ये समझ ही नहीं आ रहा था कि वे इसका समर्थन करें या विरोध.
एमएलसी रामबली सिंह ने की तारीफ
दरअसल आरजेडी के विधान पार्षद रामबली सिंह कोरोना काल में लोगो को हुई परेशानी का मामला उठा रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार के पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश में कोरोना के समय अच्छा काम हुआ.
रामबली सिंह ने नीति आयोग की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बिहार के सीडी रेसियो और जातीय जनगणना पर लिये गये स्टैंड़ की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि किसी भी अच्छी पहल का स्वागत किया जाना चाहिये. रामबली सिंह की तारीफ सुनकर बीजेपी के विधान पार्षद गदगद थे. उधर आरजेडी-कांग्रेस के एमएलसी भौंचक्के हो कर देख रहे थे. दिलचस्प बात ये थी कि इस दौरान सदन में मौजूद जेडीयू के विधायक शांत बैठे थे. उन्हें ये समझ नहीं आ रहा था कि वे रामबली सिंह की बातों का समर्थन करे या विरोध. दरअसल रामबली सिंह नीतीश सरकार को कोसते हुए उत्तर प्रदेश की सरकार की तारीफ कर रहे थे.

