Dailyhunt
78 साल पहले शुरू हुआ मेट गाला: कभी था फंडरेज़र, आज हैं फैशन की दुनिया का सबसे बड़ा इवेंट, रेड कार्पेट लुक्स ने दिलाई पहचान

78 साल पहले शुरू हुआ मेट गाला: कभी था फंडरेज़र, आज हैं फैशन की दुनिया का सबसे बड़ा इवेंट, रेड कार्पेट लुक्स ने दिलाई पहचान

Met Gala History: आज के समय में मेट गाला फैशन, आर्ट और पॉप कल्चर का सबसे बड़ा इवेंट माना जाता है। हर साल मई महीने के पहले सोमवार में होने वाले इस गाला पर पूरी दुनिया की नजर रहती हैं।

मेट मंडे के लिए सिनेमा और फैशन जगत के सितारें खासतौर पर तैयार किए गए डिजाइनर आउटफिट में रेड कार्पेट पर जलवा बिखेरते हैं।

लेकिन मेट गाला हमेशा इतना भव्य और ग्लैमरस नहीं था। शुरुआत दौर में यह सिर्फ एक चैरिटी इवेंट था, जिसे कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट के लिए फंड जुटाने के उद्देश्य से शुरू किया था। धीरे-धीरे इस इवेंट में कई बड़े बदलाव आए। अब ये सोशल कैलेंडर के सबसे बड़े और एक्सक्लूसिव चैरिटी इवेंट्स में शामिल हो गया हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 में मेट गाला ने अपने 77 साल के इतिहास में रिकॉर्ड बनाते हुए करीब 31 मिलियन डॉलर जुटाए।

इस खास स्टोरी में जानेंगे कैसे एक फंडरेज़र बना दुनिया का सबसे पॉपुलर फैशन इवेंट

कैसे हुई मेट गाला की शुरुआत?

 The Metropolitan Museum of Art Instagram- Metmuseum

आइरीन लुईस और ऑनलाइन बर्नस्टीन ने कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट की स्थापना की थी। जिसे साल 1946 में इसे मेट्रोपॉलिटन म्यूज़ियम ऑफ आर्ट के साथ जोड़ दिया गया।

साल 1948 में मेट गाला की शुरुआत मशहूर फैशन पब्लिसिस्ट एलेनोर लैम्बर्ट ने की। इसका मकसद कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट के लिए फंड जुटाना और उसकी सालाना प्रदर्शनी की शुरुआत करना था।

तब इसका आयोजन मेट्रोपॉलिटन म्यूज़ियम ऑफ आर्ट में नहीं होता था, बल्कि न्यूयॉर्क के वाल्डोर्फ एस्टोरिया होटल, रेनबो रूम और सेंट्रल पार्क जैसी मशहूर जगह पर किया जाता था।

पहला मेट गाला

 Met Gala 1948

पहला मेट गाला दिसंबर 1948 में न्यूयॉर्क के मशहूर वाल्डोर्फ एस्टोरिया होटल में आयोजित किया गया और इसे साल की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में प्रमोट किया गया। उस वक्त ये कोई बड़ा फैशन शो नहीं बल्कि एक मिडनाइट डिनर था। जिसकी टिकटी की कीमत $50 डॉलर थी। शुरूआती सालों में ही मेट गाला हाई-सोसाइटी इवेंट के रूप में मशहूर हो चुका था।

इस इवेंट के जरिए जो पैसा इकट्ठा हुए उसका इस्तेमाल इंस्टीट्यूट ने कई फैशन कलेक्शन खरीदने में किया। इसके अलावा, इस फंड का उपयोग इंस्टीट्यूट ने सालाना एग्जीबिशन के लिए किया।

मेट गाला का टर्निंग पॉइंट

 Met Gala History

1970 में वोग की एडिटर-इन-चीफ डायना व्रीलैंड कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट की स्पेशल कंसल्टेंट बनी। जिसके बाद से मेट गाला सिर्फ एक हाई-सोसाइटी इवेंट से आगे बढ़कर असली मायनों में फैशन का हिस्सा बना।

व्रीलैंड ने मेट गाला को पूरी तरह बदल दिया, इस बदलाव का सबसे अहम हिस्सा था थीम की शुरुआत। 1973 में पहली बार मेटा गाला में थीम रखी गई, जो थी 'द वर्ल्ड ऑफ बैलेंसियागा', ये खास थीम डिजाइनर क्रिस्टोबल बालेंसियागा को श्रद्धांजलि देने के लिए रखी गई। इसी दौर में मेट गाला में सेलिब्रिटीज की एंट्री भी शुरू हुई।

डायना व्रीलैंड के समय में मेट गाला का जुड़ाव पॉप कल्चर से बढ़ने लगा, जिससे इसे ज्यादा पब्लिसिटी और मीडिया कवरेज मिलने लगी। गेस्ट लिस्ट भी बड़ी हो गई और उस समय के बड़े सितारे इसमें शामिल होने लगे, जैसे एलिजाबेथ टेलर, डायना रॉस, लीजा मिनेली, हैल्स्टन, जैकी केनेडी ओनासिस और बियांका जैगर।

1995 में एना विंटूर ने संभाली मेट गाला की कमान

 Anna Wintour Met Gala

एना विंटूर 1995 में मेट गाला से जुड़ी। उन्होंने आयोजन से जुड़े कई अहम फैसले लिए, जिनमें सबसे बड़ा बदलाव इसकी तारीख को लेकर था, पहले यह हर साल दिसंबर में होता था, लेकिन अब मई के पहले सोमवार को आयोजित किया जाता है।

आज मेट गाला की थीम, ड्रेस कोड, गेस्ट लिस्ट और यहां तक कि कौन किस डिजाइनर के कपड़े पहनेगा, इन सभी बातों पर एना विंटूर की खास नजर रहती है।

टिकट की कीमत में आए बड़े बदलाव

 Met Gala Ticket Price

समय के साथ मेट गाला के टिकट की कीमत में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। शुरुआत में जहां टिकट सिर्फ $50 की थी, वहीं आज इसकी कीमत करीब $30,000 तक पहुंच चुकी है।

1970 और 1980 के दशक में एंट्री फीस $1,000 से भी कम थी। 1998 तक यह बढ़कर $2,000 हो गई और कुछ ही सालों में $3,500 तक पहुंच गई। 2010 के दशक में इवेंट की लोकप्रियता बढ़ने के साथ टिकट की कीमत भी तेजी से बढ़ी और 2016 तक यह $25,000 हो गई। वहीं, 10 लोगों की एक टेबल के लिए करीब $250,000 तक खर्च करना पड़ता है।

आमतौर पर बड़े डिजाइनर टेबल खरीदते हैं और अपने साथ सेलिब्रिटीज को लाते हैं, लेकिन हर गेस्ट को एना विंटूर की मंजूरी लेना जरूरी होता है।

मेट गाला के सख्त नियम

 Met Gala Rules

मेट गाला के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं, जिनका पालन हर मेहमान को करना पड़ता है। इवेंट के दौरान किसी को भी स्मोकिंग की अनुमति नहीं होती। मेहमानों को सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करने से रोका जाता है, ताकि इवेंट की एक्सक्लूसिविटी बनी रहे।

इवेंट की चेयरपर्सन एना विंटूर ने कुछ अहम नियम लागू किए हैं। जिसके अनुसार 18 साल से कम उम्र के लोग इसमें शामिल नहीं हो सकते और सभी मेहमानों के लिए ड्रेस कोड का पालन करना जरूरी होता है।

पॉप कल्चर में कैसे छाया मेट गाला

 Met Gala

मेट गाला एक ऐसा मंच बन गया है जहां सेलिब्रिटीज सबसे फैशनेबल और बोल्ड अंदाज में नजर आते हैं। इसे 'फैशन की सबसे बड़ी रात' भी कहा जाता है। मेट गाला का असर सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पॉप कल्चर का भी बड़ा हिस्सा बन चुका है।

दुनियाभर की फिल्म और फैशन इंडस्ट्री में इसे आर्ट, स्टारडम और ग्लैमर के मेल के रूप में देखा जाता है। खासकर रेड कार्पेट लुक्स और सेलिब्रिटीज के स्टाइल को लेकर, जिससे इसकी लोकप्रियता और भी बढ़ती जा रही है।

मेट गाला में भारतीय सितारे

 Indian Celebs At Met Gala

पिछले कुछ सालों में इस इंटरनेशनल इवेंट में भारतीय सितारों की मौजूदगी लगातार बढ़ी है। 2017 में प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण ने पहली बार मेट गाला में भारत की ओर से डेब्यू किया।

 Indian Celebs Met Gala Debut

2024 में आलिया भट्ट ने मेट गाला में हिस्सा लिया, जबकि 2025 में शाहरुख खान, दिलजीत दोसांझ, नताशा पूनावाला, मोना पटेल, कियारा आडवाणी, ईशा अंबानी, मनीष मल्होत्रा ​​और सब्यसाची मुखर्जी जैसे कई बड़े नाम शामिल हुए, जिससे इस ग्लोबल इवेंट में भारत की मौजूदगी और मजबूत हुई।

मेट गाला 2026: इस साल क्या है खास

 Met Gala Theme

हर साल की तरह इस बार भी मेट गाला मई के पहले सोमवार को यानी 4 मई को मेट्रोपॉलिटन म्यूज़ियम ऑफ आर्ट में आयोजित होगा। इस साल गाला की थीम 'कॉस्ट्यूम आर्ट' है, जो फैशन और आर्ट के बीच के संबंध को दिखाएगी। साथ ही ड्रेस कोड 'फैशन इज आर्ट' रखा गया है। इसका मतलब है कि डिजाइनर्स और सेलेब्स को फैशन को एक आर्ट फॉर्म की तरह पेश करेंगे, जहां शरीर को एक कैनवास की तरह इस्तेमाल किया जाएगा।

छोटे से फंडरेज़र के रूप में शुरू हुआ मेट गाला आज दुनिया के सबसे बड़े फैशन इवेंट के रूप में पहचान बन चुका है। हर साल यह फैशन को ग्लोबल मंच देता है, और नए ट्रेंड्स भी सेट करता है।

यह भी पढ़े- Met Gala 2026: 4 मई को सजेगा फैशन का सबसे बड़ा मंच मेट गाला, थीम से लेकर टिकट प्राइस तक जानें हर डिटेल!

तनिशा जैन

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi