Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मुजफ्फरनगर में प्रदूषण से हालात बिगड़े: फैक्ट्री के धुएं से स्वास्थ्य संकट, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

मुजफ्फरनगर में प्रदूषण से हालात बिगड़े: फैक्ट्री के धुएं से स्वास्थ्य संकट, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर-मेरठ रोड स्थित अंबा शक्ति फैक्ट्री से निकल रहे लगातार जहरीले धुएं के कारण आसपास के क्षेत्र में गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा हो गया है।

गांव नरा के ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाला धुआं अब लोगों के जीवन पर भारी पड़ रहा है और स्थिति धीरे-धीरे भयावह होती जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार फैक्ट्री से निकल रहे प्रदूषित धुएं की चपेट में आकर गांव के सैकड़ों लोग बीमार हो चुके हैं। ग्रामीणों में टीबी, आंखों में जलन और एलर्जी, उल्टी-दस्त, हेपेटाइटिस और गंभीर सांस संबंधी बीमारियों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री प्रशासन और संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण पूरा क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि यहां धीरे-धीरे "मौत का कारोबार" चल रहा है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है।

गांव के प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से मांग की है कि फैक्ट्री को तुरंत सील किया जाए और पीड़ित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाए। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि जब तक सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक स्थिति में सुधार की उम्मीद नहीं है।

फिलहाल ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है और वे प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर मामले में कब तक कार्रवाई करता है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin