Dailyhunt
नोएडा में पुलिस कमिश्नर ने MNCs के कप्तानों संग की बैठक; श्रमिकों के हितों और सुरक्षा पर हुआ मंथन

नोएडा में पुलिस कमिश्नर ने MNCs के कप्तानों संग की बैठक; श्रमिकों के हितों और सुरक्षा पर हुआ मंथन

नोएडा। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह ने सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में विभिन्न मल्टीनेशनल कंपनियों के एमडी, सीईओ, एचआर हेड एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की।

बैठक में श्रमिकों के हित, सुरक्षा व्यवस्था, कार्यस्थल की परिस्थितियों और आवागमन प्रबंधन जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

गोष्ठी के दौरान औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए पुलिस कमिश्नर ने उनके सुझावों को गंभीरता से सुना और बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया।

पुलिस कमिश्नर ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा न्यूनतम मजदूरी दरों में 21 प्रतिशत वृद्धि और श्रमिक हित में लिए गए अन्य निर्णयों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने श्रमिकों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस बैठक का उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों और श्रमिकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे और सभी पक्षों के हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस दौरान मल्टीनेशनल कंपनियों के एमडी, सीईओ, एचआर हेड एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को बताया गया कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

इस बैठक को श्रमिक हितों की रक्षा और औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उद्योगों व श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय से ही सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाया जा सकता है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin